दीपावली यूं तो खुशियों का त्योहार है परिवार में खुशियां लेकर आता है। लेकिन दीपावली की यह रात एक परिवार के लिए खुशी जगह दुःखों का अंबार लेकर आई। साइबर सिटी गुरुग्राम के गांव कासन में दीपावली पूजा के दौरान बदमाशों ने पूर्व सरपंच के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी है। इस दौरान परिवार के 6 लोगों को गोली लगी, इनमें से 1 व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल 5 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के तुरंत बाद गांव में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मानेसर IMT थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की 4 टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं।

दीपावली पूजा में थे मग्न
पुलिस का कहना है कि गुरुवार रात 8 बजे गांव कासन के पूर्व सरपंच स्व. गोपाल सिंह के परिवार के बलराम सिंह, सोनू सिंह, रिश्तेदार राजेश सिंह, विकास सिंह, हर्ष सिंह दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा कर रहे थे। उस समय 8 साल का यश भी वहां मौजूद था।

बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग
इसी दौरान हथियारों से लैस 6 बदमाश 2-3 बाइक के साथ अचानक घर में घुसे। पूजा कर रहे परिवार के लोग इससे पहले कुछ समझ पाते बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। किसी को भी छिपने तक का मौका नहीं मिला।

छः लोगों को लगी गोली
गोलीबारी के दौरान मौके पर मौजूद सभी 6 लोगों को गोली लगी है। अन्य लोग वहां नहीं थे वरना वह भी हमलावरों के निशाने पर आ जाते। विकास सिंह (21) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यश को गोली छूकर निकल गई और घायलों में सोनू सिंह की हालत बहुत गंभीर है।

पटाखों में दब गई गोलियों की आवाज
दीपावली पर वारदात के समय पटाखों का शोर हो रहा था। इस वजह से पड़ोसियों को भी गोलियां चलने का पता नहीं चला। बदमाशों के भागने के बाद जब घर से रोने की आवाज आई तो पड़ोसी घर की ओर दौड़े।

गांववासी रिंकू पर है हत्या का शक, भाई की मौत का लिया बदला
गांव के ही रहने वाले बदमाश रिंकू पर शक है कि उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। रिंकू ने मनीष सहित अपने कई अन्य साथियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। कई साल पहले रिंकू के भाई की गोली लगने से मौत हो गई थी।

अपने भाई की मौत के लिए वह पूर्व सरपंच स्व. गोपाल सिंह के बेटों को जिम्मेदार मानता है और तभी से रंजिश रखे हुए है। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

मानेसर IMT थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि बदमाश रिंकू की पूर्व सरपंच स्व. गोपाल सिंह के परिवार से रंजिश है। इसलिए इस गोलीबारी का शक उसी के ऊपर है। इससे पहले भी दोनों परिवार के बीच झड़प हो चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही है।