झारखंड में हरियाणा को आवंटित कोल ब्लाॅक को विकसित करने तथा यमुनानगर में 750 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता का एक संयत्र स्थापित करने में केंद्र द्वारा हरियाणा को पूर्ण सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह जानकारी आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत, नवीनी एवं नवीनीकरण उर्जा मंत्री राजकुमार सिहं से मुलाकात करने उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए दी। बैठक में हरियाणा की विद्युत परियोजनाओं के संदर्भ में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
मनोहर लाल ने कहा कि यमुनानगर में 750 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता का एक संयत्र शीघ्र स्थापित किए जाने की दिशा में केंद्र द्वारा हरियाणा का सहयोग किया जाएगा।

इसी क्रम में झारखंड में हरियाणा को आवंटित कोल ब्लाॅक को विकसित करने में भी केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा को पूर्ण सहयोग किया जाएगा।

पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा में 15 मई से पूर्व 1000 मेगावाट और विद्युत उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्युत उपलब्धता विभिन्न राज्यों की समस्या है, किसी एक राज्य की नहीं है। अन्य राज्यों की तुलना में हरियाणा में विद्युत उपलब्धता की स्थिति अच्छी है।

वहीं आपको बता दें कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने ‘पूर्ण उपभोक्ता संतुष्टि’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम प्रारंभ किये गए हैं ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं को त्वरित रूप में सुलझाया जा सके और उन्हें बेहतर बिजली आपूर्ति हो सके।

निगम के प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि निगम उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज करने और पुरानी शिकायतों की सुनवाई के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य मई माह में विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे।