आज हम आपको हरियाणा की एक ऐसी दादी के बारे में बताएंगे जिनकी शारीरिक स्फूर्ति देख हर कोई हैरान है। इनकी स्फूर्ति बिल्कुल नव-युवाओं जैसी है। इनको देखकर लगता ही नहीं कि इनकी उम्र 80 के पार हैं। अपनी हेल्थ को लेकर यह काफी चिंतित रहती हैं। इसके अलावा हाल ही में इन्होंने नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हासिल किया था। इतनी अधिक उम्र होने के बावजूद वह आज कामयाब हैं। इसके बाद से आज पास के इलाकों में इनका मान सम्मान भी बढ़ गया। इस दादी का नाम संतोष देवी है और इनकी उम्र 80 के पार है।
आपको बता दें कि संतोष देवी हरियाणा के पानीपत में इसराना के पास गांव कारद की रहने वाली हैं। फिलहाल वह अपने बेटे तहसीलदार रविंद्र मलिक के साथ भिवानी में रहती हैं।

यहां लोग जब इनके बारे में ये सुनते हैं कि दादी ने 80 वर्ष से ज्यादा के आयुवर्ग में खेलते हुए 100 मीटर दौड़ में गोल्ड, 200 मीटर दौड़ में गोल्ड और जेवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता है, तो कई लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं।

संतोष देवी कहती हैं कि, हमारे जमाने में लोग घी-दूध, दलिया, दाल-चूरमा ही खाते थे। जीने-खाने को जो नए-नए उत्पाद अब मिलते हैं, तब नहीं होते थे। मुझे आज भी चूरमा सबसे ज्यादा पसंद है। हमने खाने में तेल-रिफांइड कभी नहीं डाला। हम तो देसी घी से बना खाना ही खाते हैं। यहां तक कि, मैं फल भी घर के पेड़ों से ही खाती हूं।
रोज 2-2 घंटे करती हैं अभ्यास

संतोष देवी के पोते ने बताया कि उनकी दादी रूटीन प्रैक्टिस करती हैं। वह सुबह-शाम 2-2 घंटे प्रैक्टिस करती हैं। उन्हें भाला फेंकना अच्छा लगता है। उन्हें अपने सभी काम खुद करना पसंद है। वह कभी किसी से अपने काम नहीं करवाती।