हरियाणा के जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि कैदियों की मानसिकता में बदलाव आए इसके लिए जेल सुधारों पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा, प्रदेश की जेलों को आदर्श जेल बनाने के साथ-साथ खुली जेल अवधारणा के तहत 11 स्थानों पर खोले जा रहे पैट्रोल पम्प खोले जा रहे हैं। चौधरी रणजीत सिंह ने आज यहां पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक पैट्रोल पम्प का तो इस महीने के अंत में उद्घाटन किया जाएगा।
पैट्रोल पम्पों पर कैदी रोटेशन में काम करेंगे, जो खुली जेल अवधारणा का रूप होगा। कैदियों से मिलने का समय भी 5 मिनट से बढ़ाकर 10 मिनट किया जा रहा है।

चौधरी रणजीत सिंह ने बताया कि रोहतक में 76 करोड़ रुपये की लागत से 19.5 एकड़ में अलग से हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण करवाया जा रहा है, जिसमें हार्डकोर कैदियों को रखा जाएगा। यह पूरी तरह से आधुनिक जेल होगी और इसमें मेटल डिडेक्टर सहित खोजी कुते और चाहरदीवारी की सुरक्षा के लिए अलग से सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे।

उन्होंने बताया कि एक बैरक में एक ही कैदी को रखा जाएगा। करनाल में जेल वार्डन व जेल उप-अधीक्षक के लिए प्रशिक्षण केन्द्र खोला जाएगा। जेल मंत्री ने बताया कि कैदियों के प्रति व्यवहार जेल वार्डन व जेल उप-अधीक्षक ठीक रहे इसके लिए करनाल में अलग से प्रशिक्षण केन्द्र खोला जाएगा।

पहली बार हैफेड से एक साथ 68000 क्विंटल गेहूं खरीदी गई है ताकि जेल में कैदियों को पौषिक खाना मिल सके। इसके अलावा, उनके लिए खुराक चार्ट में बदलाव किया गया है।