बीते कुछ हफ्तों से हरियाणा में जैसे गर्मी का कहर शांत ही नहीं हो रहा था। गर्मी ने तो लोगों का हाल बेहाल कर दिया। लेकिन कुछ दिनों पहले से जब तापमान में थोड़ी कमी देखने को मिली कि तभी लू के ऐसे थपेड़े पड़े कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। लेकिन अब जल्दी ही लोगों को इस भयंकर गर्मी से निजाद मिलने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब जल्दी ही हरियाणा में मानसून (Monsoon in Haryana) की एंट्री होने वाले है। प्रदेश में चार दिन तक जोरदार बारिश (heavy rain in Haryana) के आसार भी जताए गए हैं। इससे फसलों को भी काफी फायदा होने वाला है।
इस बार की गर्मी ने लोगों को खूब सताया है। आमजनता तो इससे परेशान ही थी वहीं फसलों का भी हाल बेहाल था। तपिश के कारण फसलें जल रही थी। लेकिन बारिश होने से फसलों का खूब फायदा होने वाला है।

गर्मी के कारण फसलें खराब हो रही थी ऐसे में बारिश के आने से किसानों की बहुत बड़ी समस्या हल हो जाएगी। नरमा कपास सहित अन्य फसलें बारिश आने से लहलहा उठेंगी। अभी धन और मूंग की रोपाई भी होनी है और यह बारिश किसानों की बहुत मदद करने वाली है।
यह सिस्टम करेगा वर्षा

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से होते हुए हरियाणा में नमी भरी हवाएं 16 जून से दाखिल होंगी। फिलहाल यह हवाएं महाराष्ट्र और गुजरात से होते हुए राजस्थान तक आ पहुंची हैं। अब हरियाणा तक पहुंचने में इन्हें दो दिन लगेंगे। ऐसे में दोनों सागरों से आई मानसूनी हवाओं से हरियाणा में एक सिस्टम बनेगा।

संभावना है कि 16 जून की रात से ही बारिश हो सकती है। इसके बाद 17, 18, 19 व 20 जून तक इसका प्रभाव रहेगा। यह बारिश हरियाणा की गर्मी को दूर करने का काम करेगी। साथ ही फसलों के लिए जीवनदायनी बनकर आएगी। इस दौरान दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम आ सकता है।
आगामी दो दिन खुश्क रहेगा मौसम

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि आने वाले दो दिनों में हरियाणा में मौसम खुश्क व गर्म रह सकता है। साथ ही तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी भी हो सकती है। इस दौरान शाम के समय हल्के बादल व कहीं-कहीं धूल भरी गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है।