टिकटोक स्टार से भाजपा की नेता बनी सोनाली फोगाट। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेत्री और मॉडल-एक्ट्रेस सोनाली फोगाट नहीं रहीं। बताया गया कि मंगलवार (23 अगस्त, 2022) को गोवा में दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी मौत हो गई। सोनाली बेशक अब दुनिया में ना हो, मगर उनका नाम-काम और पहचान उन्हें उनके चाहने वालों के बीच हमेशा जिंदा रखेगा।
सोनाली ने हरियाणा की आदमपुर सीट से बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई (Kuldeep Bishnoi) के खिलाफ आखिरी चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें मात मिली थी। सोनाली का एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से भी नाता रहा है। वह बिग बॉस 14 में भी नजर आई थीं। उन्होंने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी। रियलिटी शो में उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

नार्थ गोवा के डीजी से मिली जानकारी के मुताबिक, नार्थ गोवा के एसटी एंटिनी अस्पताल से पुलिस को सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) के मौत की जानकारी मिली।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह
इसके बाद लोकल पुलिस हॉस्पिटल पहुंच गई है और फिर होटल जाएगी। डीजी के मुताबिक अभी मौत की वजह बता पाना संभव नहीं है।

2006 में एंकरिंग से की थी करियर की शुरुआत
सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली।

बीजेपी के टिकट पर लड़ा था चुनाव
अपने टिकटॉक वीडियोज के जरिए फेमस होने के बाद सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) 2019 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गई थीं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें हरियाणा चुनाव में आदमपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई (Kuldeep Bishnoi) के खिलाफ टिकट दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

कई बार विवादों में रह चुकी
सोनाली किसान आंदोलन के दौरान अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। किसानों को बहलाया गया है। केंद्र सरकार को चाहिए कि खुले दिल से इन पर चर्चा करे ताकि किसान इन कानूनों का महत्व समझ सकें। पिछले साल एक अधिकारी को चप्पल मारते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिससे वह चर्चा में आईं। वहीं एक गांव में संबोधन के दौरान भी विवादित टिप्पणी के कारण वह चर्चा में रही थीं।

बिग बॉस 14 से मिली पहचान
सोनाली फोगाट को टीवी की दुनिया में असली पहचान सलमान खान के रियलिटी बिग बॉस 14 से मिली थी। इस शो में उन्होंने बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट एंट्री की थी। इस शो में सोनाली अली गोनी को पसंद करने लगी थीं। जिसकी वजह से वह शो में खूब चर्चा में रही थीं। हालांकि वह ज्यादा समय तक शो में टिक नहीं पाई थीं।