घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में दोबारा से उछाल आया है। इस बार गैस सिलेंडर की कीमत में 15 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। बहादुरगढ़ में कुछ दिनों पहले जहां एक सिलेंडर की कीमत 855 रुपए 50 पैसे थी वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 900 रुपए 50 पैसे हो गई है। वहीं पिछले एक साल के दामों पर गौर करें तो अब तक 305 रुपए की बढ़ोत्तरी हो चुकी है।
फेस्टिव सीजन की शुरुआत में हुई इस बढ़ोत्तरी से आमजन की जेब पर काफी असर पड़ा है। पिछली दीपावली के समय सिलेंडर की कीमत 600 रुपए से भी कम थी।

पिछले साल से अब तक 11 बार हुई बढ़ोत्तरी
अब से अगर आप सिलेंडर बुक करते है तो आपको 15 रुपए अधिक देने पड़ेंगे। बीते एक साल की अवधि में सिर्फ एक बार ही अप्रैल माह में रसोई गैस के दाम में 10 रुपए की कटौती की गई थी। जबकि नवंबर माह की 30 तारीख से लेकर आज तक 11वीं बार में 305 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है।

बता दें 30 नवंबर 2020 तक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 595 रुपए थी। लेकिन 1 दिसंबर 2020 को इसमें 50 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद जनवरी 2021 में एक बार फिर इसमें 50 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई।
फरवरी में तीन बार बढ़े दाम
अगले माह फरवरी 2021 की 4 तारीख को 25 रुपए बढ़े, इसके 11 दिन बाद 15 फरवरी को गैस के दाम में 50 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई। फिर दस दिन बाद 25 फरवरी 2021 को 25 रुपए बढ़े। फिर तीन दिन बाद 1 मार्च को 25 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई।

इसके बाद एक जुलाई 2021 को 15 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई। अगली बढ़ोत्तरी 18 अगस्त 2021 को की गई। इसमें 40 रुपए बढ़ाए गए। सितंबर माह में भी 15 रुपए बढ़े। वीरवार को सिलेंडर के दाम बढ़कर 900 रुपए हो गए हैं।
दो माह में 1000 पार हो सकते हैं रेट

वहीं जानकारों की माने तो जिस तरह दिनों के अंतर से लगातार गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी हो रही है, उसे देखकर तो लगता है मानों दो माह के भीतर सिलेंडर की कीमतें 1000 के पार जा सकती है।