आप सांसद सुशील गुप्ता जिला कार्यकर्ताओं की बैठक के लिए भिवानी पहुंचे, जहां उन्होंने वर्तमान राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। इसके बाद बीजेपी पर चुटकी लेते हुए बढ़ती महंगाई पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो महंगाई भाजपा को डायन लगती थी, वो आज उसकी प्रेमिका बन चुकी है। यही नहीं, ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर गुप्ता ने हरियाणा में चौटाला को भाजपा की ‘टीम बी’ बताया और कहा कि कांडा के तो सारे कांड याद हैं।
बता दें कि शनिवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता भिवानी में जिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंंचे थेे।

जिला पदाधिकारियों से मिलने के बाद उन्होंने वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए और भाजपा, जजपा, चौटाला परिवार व गठबंधन प्रत्याशियों पर एक के बाद एक कई कटाक्ष किएb।
देश की संपत्तियां बेच रही है सरकार

सबसे पहले सांसद सुशील गुप्ता ने बढ़ती महंगाई को लेकर बीजेपी व सरकार पर निशाना साधा। गुप्ता ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा को 2014 से पहले जो महंगाई डायन लगती थी वो अब प्रेमिका बन चुकी है। तभी हर रोज हर चीज के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। यही नहीं सरकार देश की संपत्तियों को भी बेच रही है।
भाजपा की टीम बी है चौटाला परिवार

वहीं गुप्ता ने ऐलनाबाद उपचुनाव पर कहा कि गठबंधन के उम्मीदवार कांडा के कांड सबको याद हैं। चौटाला परिवार भाजपा की टीम बी है। ये पहले भाजपा विरोध के वोट लेते हैं और फिर बाद में भाजपा से ही गठबंधन कर लेते हैं।
आप नहीं लड़ेगी कोई उपचुनाव

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभय चौटाला को इस्तीफा दिया तो अब चुनाव लड़ने की क्या जरूरत है। गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी विधानसभा, पंचायत व निगम के सभी चुनाव लड़ेगी लेकिन कोई उपचुनाव नहीं लड़ेगी।