ओलिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देश के स्टार एथलीट खंडरा गांव के नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स में भाला फेंक में रजत पदक जीता। उन्होंने अमेरिका के यूजीन में चल रही प्रतियोगिता में 88.13 मीटर थ्रो कर पदक पक्का किया तो उनके घर पर जमा सैकड़ों ग्रामीण खुशी से झूम उठे। एक-दूसरे को बधाई देने लगे।

घर पर महिलाओं ने मंगल गीत गाए और नाची भी। नीरज की मां सरोज ने महिलाओं को लड्डू से मुंह मीठा कराया। सुबह से ही नीरज के घेर (पशुबाड़े) में बड़ी एलसीडी लगा रखी थी।
सैकड़ों ग्रामीण उनका मुकाबला देखने के लिए जुटे थे। पहला थ्रो फाउल होने पर ग्रामीण मायूस हो गए। नीरज ने जैसे ही चौथा थ्रो 88.13 मीटर किया तो चाचा भीम ने बताया कि अब रजत पदक पक्का हो गया है। लोग नाचने लगे।

मां सरोज ने बताया कि बेटे ने प्रतियोगिता के लिए कड़ा अभ्यास किया था। उम्मीद स्वर्ण पदक की थी। फाउल होने पर मायूस हो गई थी। यकीन था कि बेटा पदक जरूर जीतेगा।

बेटे ने रजत पदक जीता है। यह भी सोने से कम नहीं है। कामनवेल्थ गेम्स में भी बेटा स्वर्ण पदक जीतेगा। बेटे की सफलता पर किसान पिता सतीश चोपड़ा ने कहा कि देश को बेटे से पदक की आस थी। बेटा उस पर खरा उतरा है।
नीरज की जीत पर दोस्तों ने भी खूब जश्न मनाया। उनके दोस्त सन्नी सरदार, जितेंद्र जागलान, संदीप गाहल्याण, प्रविंद्र, सीनियर भाला फेंक खिलाड़ी कृष्ण मिटान ने लड्डू बांटे।

एथलेटिक्स हरियाणा के सचिव राजकुमार मिटान का कहना है कि अंजू बाबी जार्ज ने लंबी कूद नें 2003 में कांस्य पदक जीता था। 19 साल बाद विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश को नीरज ने पदक दिलाया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नीरज चोपड़ा को जीत पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल की दुनिया में हमने एक कदम और आगे बढ़ाया है।

प्रदेश सरकार की नीतियों व हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की पूरे विश्व में चर्चा है। हम हरियाणा को नीरज चोपड़ा जैसे युवाओं के सहारे ही खेलों में आगे बढ़ाएंगे। हरियाणा को स्पोर्टस आफ इंडिया बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने नीरज चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा को भी फोन पर बात कर बधाई दी।