हरियाणा के कैथल में महिला बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते समय प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस को दोगली पार्टी करार दिया। बता दें कि पुरानी पेंशन को लेकर उन्होने कहा कि कांग्रेस ने अपने समय में पुरानी पेंशन को बंद किया और अब राजस्थान में इसे लागू करके दोगली नीति अपना रही है। उन्हाेंने कहा कि सरकार बनाने के बाद प्रदेश की जनता ने जितने भी काम उन्हें सौंपे थे, वह सब कर दिए हैं।
इससे लोग पूरे उत्साह में है और यह उत्साह उनके चेहरों पर दिखता है। आगे भी प्रदेश के विकास के लिए काम किए जाएंगे। जो भी जनता जिम्मेदारी लगाएगी, उसे पूरा किया जाएगा।

पुलिस भत्ते के एक सवाल मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में देश के अन्य प्रदेशों की तुलना में कर्मचारियों के भत्ते ज्यादा है। चाहे वह पुलिस कर्मी हैं, आशा वर्कर हैं या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता। सबसे ज्यादा वेतन और भत्ते, वृद्धावस्था पेंशन भत्ता 2500 रुपये देश के अन्य किसी भी राज्य में नहीं है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद सबसे पहली प्राथमिकता हमारे बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की है। इसके लिए वे लगातार केंद्रीय विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं।

इसके लिए दिल्ली और चंडीगढ़ में कॉल सेंटर भी बनाए गए हैं। बहुत से लोगों के फोन भी आ रहे हैं। यूक्रेन में अभी विमान नहीं उतर पा रहे हैं तो केंद्र सरकार ने दूसरे देशों के रास्ते बच्चों को एयरलिफ्ट कर भारत लाने की योजना बनाई। विद्यार्थियों और भारतीय नागरिकों को यूक्रेन के आस-पास के देशों में लाया जा रहा है।