हरियाणा के भिवानी जिले के हसान गांव की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां पर एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई है। बच्चों के रोने की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोगों ने देखा तो आनन फानन में बाहर निकाला और अस्पताल भेजा है। इस हादसे में मां और दो बच्चों की मौत हो गई है।
यह घटना देर शाम की है। मृतक महिला चैहड़ खुर्द की कविता थी। जिसकी शादी हसान गांव के विकास के साथ हुई थी। विकास और कविता के तीन बच्चे थे, जिनमें दो बेटे और एक बेटी थी।

उनके घर में किसी प्रकार के झगड़े या विवाद की कोई बात कभी सामने नहीं आई।शुक्रवार को कविता का पांच वर्षीय बेटा मनीष और सात साल की बेटी खुशी स्कूल से लौटे थे। दोनों बच्चों के अलावा दो साल के बेटे अमन को लेकर कविता अपने खेत में स्थित कुएं पर गई और उसमें छलांग लगा दी।
आसपास के लोगों को घटना के बारे में तब पता चला जब उन्हें बच्चे के रोने की आवाज कुएं से आई। लोगों ने कुएं के पास जाकर देखा तो चारों कुएं में गिरे हुए थे। ग्रामीणों ने इसके बारे में परिजनों को सूचित किया और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया।

इस घटना में 30 वर्षीय कविता, पांच वर्षीय मनीष और सात वर्षीय खुशी की मौत हो चुकी थी, जबकि दो वर्षीय अमन की हालत गंभीर बनी हुई थी। अमन को उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहल थाना पुलिस को हसान में हुई इस दर्दनाक घटना के बारे में पता चला तो थाने से पुलिस की एक टीम तुरंत गांव में पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच के बाद शवों को लोहारू के अस्पताल में भिजवा दिया गया। मृतका के मायका पक्ष के लोगों को सूचना दी गई है। उन्हीं के बयान के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
